आईटीआई रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा में लगी लंबी लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार की ओर से पांच सौ और एक हजार रुपये बंद होने के 15वें दिन भी बैंकों की कैश व्यवस्था पटरी पर नहीं आई। उपभोक्ताओं को कैश के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कई बैंकों में तो एक्सचेंज का काम पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सिर्फ जमा निकासी हो रही है। बैंकों में नो कैश का बोर्ड होने से लोगों को भटकना पड़ा।
बुधवार को शहर के आईटीआई रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा में सुबह से लंबी लाइन लगी। यहां दोपहर तक कैश एक्सचेंज कराने और जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को जद्दोजहद करनी पड़ी। दोपहर बाद कैश खत्म हो गया। उपभोक्ता सुरेश वर्मा कलक्टरगंज, राजेश आबूनगर ने बताया कि कैश न मिलने से दिक्कत हो रही है। कई बार लौट चुके हैं। इसी प्रकार सिविल लाइन स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कैश के लिए परेशान होना पड़ा। उपभोक्ताओं कैश जमा हुआ, लेकिन एक्सचेंज नहीं हो सका। यहां दोपहर बाद एटीएम बूथ में कैश डाला गया, जिससे लंबी लाइन में लगे लोगों को कैश मिल सका। शाखा प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि कैश की समस्या लगातार जारी है। किसी तरह उपभोक्ताओं को कैश देने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं जीटी रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा में महिला और पुरुषों की जबरदस्त भीड़ रही। अलग अलग लंबी लाइन लगी होने से जीटी रोड में कई बार जाम लगा।
यही नहीं लाइन के बीच में लोगों के लग जाने से विवाद की स्थिति भी बनी रही। कैश लेने के लिए महिलाओं में धक्का मुक्की भी हुई। मसवानी की रहने वाली शबनम, गजाला ने बताया कि घर के काम काज छोड़कर घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। इसके बाद भी पैसा नहीं मिल रहा। कैश न होने से गृहस्थी का सामान नहीं खरीद पा रहे हैं।