फतेहपुर। त्योहार के बाद वापसी के लिए लोग ट्रेनों में आरक्षित सीटों की बुकिंग कराने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं। शहर से होकर दिल्ली जाने वाली दस ट्रेनों में 31 मार्च तक आरक्षित सीट उपलब्ध नहीं है। इस कारण यात्री परेशान है।
जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन पर करीब 60 ट्रेनों का ठहराव हो रहा है। इसमें दिल्ली के लिए प्रयागराज-दिल्ली, नंदनकानन, पुरुषोत्तम, रीवा आनंद बिहार, नार्थ ईस्ट, सिक्किम महानंदा, नेता जी व जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेनें है। इन सभी ट्रेनों में प्रयागराज दिल्ली ट्रेन में 20 मार्च तक, नंदनकानन में 31 मार्च तक, नार्थ ईस्ट ट्रेन में 29 मार्च तक, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस व नेता जी एक्सप्रेस ट्रेन में 31 मार्च तक सीटों की वेटिंग 100 के पार है। यही हाल मुंबई, गुजरात की ट्रेनों में भी है।
आरक्षित सीट न मिलने पर तलाश रहे दूसरा विकल्प
कोराई के रामकरन ने बताया कि वह पांच मार्च को होली त्योहार को मनाने के लिए दिल्ली से घर आए थे। ट्रेन में दिल्ली तक जाने के लिए आरक्षित सीट बुक करने के लिए स्टेशन पहुंचे है, लेकिन दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। इसलिए रोडवेज या प्राइवेट बस से दिल्ली तक सफर करने के लिए बस स्टॉप जा रहे हैं।
केवई के राजेश कुमार ने बताया कि वह मुंबई जाने के लिए आरक्षित सीट बुक कराने के लिए स्टेशन पहुंचे है। लेकिन ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। काम भी जरूरी है। इसलिए दूसरे साधनों का पता कर रहे हैं।
त्योहार के बाद लोगों की वापसी तेजी से हो रही है। इसलिए आरक्षित सीटों में दिक्कत है। जल्द ही लोगों को आरक्षित सीटें मिलने लगेगी।
मणि शंकर मिश्रा, स्टेशन अधीक्षक