समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने कहा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद जनता के अच्छे दिन तो नहीं शुरू हो पाए, बल्कि मोदी के अच्छे दिन जरूर आ गए हैं।
प्रधानमंत्री देश हित के बजाए विश्व भ्रमण में पूरा ध्यान केंद्रित किये हुए हैं। वह जिले में एक निजी कार्यक्रम में यहां हिस्सा लेने आये थे।
सादीपुर स्थित पार्टी जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार ने शिक्षा से संबंधित बजट में बड़ी कटौती कर दी है।
बजट की कमी होने से स्कूल भवनों में शौचालय नहीं बन पाएंगे, जबकि प्रधानमंत्री भारत स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, लेकिन उनको स्कूलों में शौचालयों की व्यवस्था का ध्यान नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाएं फ्लाप हो रही हैं। यही कारण है कि दिल्ली में भाजपा की पोल खुल चुकी है। प्रदेश के उप चुनावों में भी भाजपा पूरी तरह से विफल रही है।
आने वाले समय में भाजपा की कलई पूरी तरह से खुल जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर भाजपा और पीडीपी गठबंधन पूरी तरह से अनैतिक है।
बेमौसमी बरसात से फसलें नष्ट हो गई हैं और किसान पूरी तरह से तबाह हो चुका है। किसानों को मिल रहा मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से निर्धारित मुआवजा राशि दो गुना करने की वकालत की।
भूमि अधिग्रहण बिल पर चरचा करते हुए कहा कि बिल पूरी तरह से किसान विरोधी है। किसानों की कीमती जमीन मिट्टी के भाव खरीदकर उद्योगपतियों को देने की केंद्र सरकार ने साजिश रची है, जिस पर विपक्ष सफल नहीं होने देगा।