प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा आरपी सिंह ने विकासपरक एवं कल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने से बाज आने की हिदायत दी। राजस्व वसूली में तेजी लाने के साथ पेंशन योजनाओं पर धांधली की शिकायतों के मद्देनजर सिरे से पड़ताल करने क निर्देश दिए। खासकर समाजवादी पेंशन योजना के पात्रों की पात्रता सत्यापन को मौके पर पड़ताल करने की बात कही।
बिंदकी तहसील के देवमई ब्लाक के द्वारिकापुर जट्ट गांव में चौपाल व निरीक्षण और गोपालगंज पीएचसी व गोकुलपुर में निर्माणाधीन आईटीआई के निरीक्षण करने के बाद प्रमुख सचिव आरपी सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक बैठक ली। बैठक में शासन के प्रतिनिधि ने सरकारी योजनाआें को खंगाला। धीमी रफ्तार मिलने पर कई विभागों के जवाबदेहों को सचेत किया। साफ हिदायत दी कि नौकरी में लापरवाही न की जाए। जो काम मिला है उसे समय रहते पूरा करने की आदत डाली जाए। उन्होंने लोहिया समग्र गांवों में फोकस रखते हुए संबंधित विभागों को जवाबदेही का पाठ पढ़ाया।
प्रमुख सचिव आरपी सिंह ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बिंदुवार समीक्षा की। जननी सुरक्षा योजना का लाभ देने में ईमानदारी बरतने की हिदायत दी। पीडब्लूडी से बनी सड़कों की गुणवत्ता पर संशय व्यक्त करने के साथ राजस्व वसूली तेज किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि हरेक पेंशन योजना की तहकीकात की जाए। समाजवादी पेंशन योजना कोे लेकर समाज कल्याण अधिकारी को जिम्मेदारी का अहसास कराया। अपात्रों को पात्रता सूची से बाहर करके पात्रों को योजना का लाभ दिए जाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में डीएम राकेश कुमार, सीडीओ भवानी सिंह, एसपी सालिगराम वर्मा, डीडीओ मिथलेश सचान, पीडी राजकुमार गौतम समेत समस्त विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
जहानाबाद(बिंदकी)। शासन की प्राथमिकता वाले लोहिया गांव में निर्माणाधीन आईटीआई के बाथरूम में जाम टोटी, झूलते दरवाजे, दीवारों से गिरता प्लास्टर शासन के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा आरपी सिंह को देवमई ब्लाक लोहिया गांव द्वारिकापुर जट्ट में विकास कार्यों की समीक्षा व निरीक्षण के दौरान खामियां ही खामियां मिलीं। अव्यवस्था और शिकायतों के आधार पर उन्होंने लेखपाल संतराम को निलंबित किए जाने के निर्देश देते हुए कइयों को फटकार लगाई। साथ ही निर्माणाधीन आईटीआई में गुणवत्ता पर काम न होने पर प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाई और सुधार किए जाने के निर्देश दिए।
बुधवार को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा आरपी सिंह ने तहसील क्षेत्र के लोहिया समग्र गांव द्वारिकापुरजट्ट में विकास कार्याें व योजनाओं की समीक्षा की। यहां ग्रामीणों की शिकायत और मौके से नदारद रहने पर लेखपाल संतराम को निलंबित करने के निर्देश एसडीएम जेएन सचान को दिये। प्राइमरी पाठशाला में पहुंचने पर छात्र संख्या मात्र 35 व जूनियर विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा को 18 का पहाड़ा न आने पर प्रधानाध्यापकों को फटकार लगाई। उन्हाेंने विद्यालय के एमडीएम व आंगनबाड़ी केंद्र के पोषाहार वितरण पर गड़बड़ी पाए जाने पर सीडीपीओ को कार्यकत्री के खिलाफ कारवाई किए जाने के निर्देश दिए।
समग्र लोहिया गांव में कराए गए विकास कार्यों में शौचालय, आवास, सड़क आदि का निरीक्षण किया, जिसमें खामियां मिलने पर नाराजगी जताई। कोटेदार, विद्युत, पेयजल, मनरेगा, समाजवादी पेंशन, विकलांग पेंशन आदि की समीक्षा की। इसके बाद मलवां विकास खंड के गांव दरवेशाबाद (गोकुलपुर) में निर्माणाधीन आईटीआई का निरीक्षण किया। यहां विद्युत वायरिंग, घटिया मसाला, दरवाजों व कुंडों में लगी जंग आदि बाथरूम की जाम टोंटी तमाम खामियां पाए जाने में आगबबूला हो गए। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर डीआर यादव को कड़ी फटकार लगाई। पीएचसी गोपालगंज का निरीक्षण किया, यहां प्रसव केंद्र, दवाइयों का वितरण आदि रजिस्टरों का अवलोकन करने के बाद साफ-सफाई रखने के विशेष निर्देश दिए है।
ग्रामीणाें की शिकायत पर नूरपुर से दूधीकगार तक मार्ग का निर्माण कराए जाने व एएनएम रामा देवी के खिलाफ जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ भवानी सिंह, सीएमओ विनय पांडेय, सहायक परियोजना निदेशक वीएन मिश्रा, पीडब्लूडी के अभियंता बीएल सिंह आदि जिले के अधिकारी मौजूद रहे।