अल्लीपुर। मलवां थाना क्षेत्र के भदबा गांव निवासी प्रयाग साहू की 20 वर्षीय पत्नी शालू देवी की मंगलवार रात जहर खाने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज में बाइक, नकदी समेत अन्य मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों पर जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शालू देवी मलवां थाने के अमौरा गांव निवासी दिवंगत रामप्रसाद साहू की पुत्री थी। भाई रमेश चंद्र ने बताया कि बहन की शादी 22 फरवरी 2025 को प्रयाग साहू से की थी। शादी के बाद बहन को सास, ससुर, जेठ, जेठानी व ननद दहेज में बाइक, नकदी की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। उसको मंगलवार रात को बहन की ननद ने जहर खाने की सूचना दी। इसके बाद कोई बातचीत नहीं की। उसने अन्य ससुरालियों को फोन मिलाया। वह लोग बोले कि उसकी बहन मर चुकी है, जो चाहे वह करो। भाई ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।