सुल्तानपुर जिले में तैनात समन्वयक।
- फोटो : amarujala
पुलिस रिकार्ड में 16 साल से फरार सुल्तानपुर जिले के नेहरू युवा केंद्र में समन्यवक के पद पर नौकरी करने वाले रामकिशोर यादव को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपी हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में वांछित चल रहा है। कोर्ट से सालों से जारी वारंट के बाद अब पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
एसपी कलानिधि नैथानी ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए मलवां थाने की टीम गठित की थी। फरार रामकिशोर यादव मलवां थानाक्षेत्र के उमरगहना निवासी है। एसओ ज्ञान सिंह यादव व एसएसआई धीरेंद्र सिंह ने सोमवार सुबह आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया है।
रामकिशोर की 213 ए नंबर की हिस्ट्रीशीट थाने में खुली है। उसके खिलाफ लूटपाट, डकैती, बलवा, हत्या के प्रयास जैसे संगीन मुकदमे दर्ज हैं। सन 2000 व 2003 में बलवा व हत्या के प्रयास में कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। इसके बाद से आपराधिक इतिहास छिपाकर सुल्तानपुर जिले में नौकरी कर रहा था। आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी थी। माना जा रहा है कि कुर्की की कार्रवाई से डर कर ही उसने पुलिस के समक्ष सरेंडर किया है।