फतेहपुर में कलश और देवी प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही नवरात्र का शुभारंभ हो गया। पहले दिन श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर मां के शैलपुत्री स्वरूप की भक्ति पूर्वक आराधना की। शीतला मंदिर समेत अन्य सभी देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ रही। घंटा घड़ियाल और मां के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। हालांकि कोरोना काल की वजह से दुर्गा पंडालों की सजावट फीकी रही।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन चौक के शीतला मंदिर में सुबह चार बजे से ही दर्शनार्थियों का आवागमन शुरू हो गया था। देर शाम तक भक्तों ने मां शीतला के दर्जन किए। रेलवे स्टेशन के सामने पंडाल सजाकर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कराकर दरबार सजाया गया है। भक्तों ने विधि विधान से पूजा की। फल, मिष्ठान से भोग लगाया।
इसी प्रकार शादीपुर मोहल्ले के हनुमान मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कराई गई। भक्तों ने पूजन-अर्चन कर सुख शांति का आशीर्वाद मांगा। इसी प्रकार चौक के हनुमान मंदिर, कालिकन मंदिर, पत्थरकटा हनुमान मंदिर, राधा नगर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कराकर भक्तों ने पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना की।