खजुहा विकास खंड के पंचमधाम बसंतखेड़ा गांव में सात दिवसीय राष्ट्रीय रामायण मेला के दूसरे दिन गीत-सगीत के साथ राम कथा सुनाई गई।
धार्मिक महोत्सव में भोपाल मध्य प्रदेश की मानस मंजरी गायत्री देवी ने राम जन्म की महिमा का बखान किया। सुनाया कि ‘राम जन्म के हेतु अनेका, परम विचित्र एक से एका।’ हमीरपुर के कोरारा से पधारे स्वामी त्यागानंद जी महराज ने सुनाया कि ‘कथा जो सकल लोक हितकारी, सो पूंछन चह सयन कुमारी।’ मध्य प्रदेश भिंड से आए रामयणी सुरेंद्र कुमार ने नारद मोह का विस्तृत वर्णन गीत संगीत के साथ सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आगरा से पधारे संत हरिओम महराज ने सती चरित्र के महात्म्य पर प्रकाश डाला। महामंडलेश्वर अवधूत आश्रम बांकी हमीरपुर के स्वामी रामदेव, धर्मानंद धाम आगरा के राष्ट्रीय संत हरियोगी, भिठौरा धाम के अनंत श्री विभूषित स्वामी विज्ञानानंद जी महराज, रूरा कानपुर के भागवताचार्य पं. देवी प्रसाद शास्त्री, जालौन के डा. राम प्रकाश मिश्र ने भी प्रवचन सुनाकर भक्तों को भाव विभोर कर दिया। व्यवस्था संभालने वालों में कार्यक्रम के संयोजक अधिवक्ता रामसिंह, पोस्टमास्टर शिव सिंह, अशोक वर्मा, ओम नारायन सिंह, रुसुन तिवारी, सुबेदार, रमेश सिंह सहित दर्जनों भक्त गण शामिल रहे।