सब्जी मंडी में भरत मिलाप का मंचन, मौजूद दर्शक
- फोटो : अमर उजाला
रावण वध के बाद गुरुवार की रात भरत मिलाप और सजे गेटों की प्रतियोगिता देखने के लिए नागरिकों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं और युवतियों की तादात अधिक थी। मुस्लिम युवक और महिलाएं भी काफी संख्या में दिखे।
शिव शक्ति दरबार के तत्वावधान में जीटी रोड सब्जी मंडी में भरत मिलाप का मंचन हुआ। इसे देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। सजे गेटों का कंप्टीशन आधी रात तक चलता रहा। चाराें गेटों में बल्ब और झालर तरह-तरह की रोशनी बिखेरते रहे। भरत मिलाप, राम दरबार की झांकी पहुंचते ही मंच पर बैठे भरत की आंखों में आंसू आ गए। चरण स्पर्श करने के बाद राम ने भरत को जैसे ही गले से लगाया, मंच पर करुणा का माहौल पैदा हो गया। जयकारे लगने के बाद आयोजकों ने लड्डू और मिष्ठानों का वितरण किया।
इस मौके पर विधायक कृष्णा पासवान, कमेटी अध्यक्ष रामगोपाल सिह, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह, विमलेश पांडेय और शिवशक्ति दरबार के गोलू मोदनवाल, राजकिशोर, सचिन चौरसिया और राहुल मोदनवाल भी मौजूद रहे।