फतेहपुर। शहर के आईटीआई ग्राउंड में केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी की कथा के संगीत वादन कलाकार की फेसबुक आईडी हैक हो गई। साइबर अपराधियों ने उनकी बीमारी का मैसेज डालकर मित्रों से रुपये की मांग की। एक महिला झांसे मेें फंस गई। उसने हैकर के खाते में 15 हजार रुपये डाल दिए। घटना की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
हाथरस जिले के कैलोरा जिले बाहनपुर निवासी गिरीश कुमार आकाशवाणी मथुरा में गायक और संगीत वादन के कलाकार हैं। आईटीआई में 13 फरवरी से आयोजित भागवत कथा में संगीत वादन को आए हैं। उन्होंने बताया कि फेसबुक आईडी हैक की गई है। उसके बाद मैसेंजर के जरिए लोगों से रुपयों की मांग की। उनके गांव की एक महिला ने आरोपी के खाते में 15 हजार रुपये डाल दिए। उसके बाद भी कई लोगों से रुपये डालने के लिए कह रहा है। लोगों के फोन आने पर आईडी हैक होने का पता लगा। बता दें जिले में इन दिनों लगातार फेसबुक आईडी हैक करने के मामले सामने आ रहे हैं। पिछले एक हफ्ते में दो लोगों को शिकार बनाया जा चुका है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनाओं की साइबर सेल से जांच कराई जा रही है।