धाता (फतेहपुर)। बालिका से दुष्कर्म का आरोपी मंगलवार को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपी पर पांच हजार का इनाम रखा था। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेजा गया है।
धाता थाना क्षेत्र के एक गांव की दस साल की बालिका एक साल पहले जंगल से लौट रही थी। सूनसान रास्ते में युवक ने उससे दुष्कर्म किया। घटना की आपबीती बालिका ने घर लौटकर परिजनों को बताई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धाता थाने के उरई गांव निवासी वीरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इधर आरोपी पुलिस को चकमा देकर सूरत भाग निकला था। एक साल बाद आरोपी गांव पहुंचा था। पुलिस को आरोपी के आने की भनक लगी। एसओ अर्जुन सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी न होने के कारण पांच हजार का इनाम घोषित था। उसकी तलाश की जा रही थी। उसे जेल भेजा गया है।