खागा रजबहा का मुसईपुर गांव के पास टूटा पुल।
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर। ग्रामीण क्षेत्र के संपर्क मार्गाें के बीच में पड़ने वाले नहर के पुल हादसों को दावत दे रहे हैं। नहर विभाग व पीडब्लूडी इन खस्ताहाल पुलों के निर्माण में अनदेखी कर रहा है। कई महीने से जर्जर खागा रजबहा में मुसईपुर गांव का पुल आखिरकार शनिवार को धंस गया। चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। इसी प्रकार खागा रजबहा में मकनपुर, शिवपुर, पलवा गांव के पास के पुल खस्ताहाल हैं। इससे ग्रामीणों को कस्बा व मुख्यालय आने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
हुसैनगंज प्रतिनिधि के अनुसार बिलंदा-मकनपुर संपर्क मार्ग में खागा रजबहा के पुल की रेलिंग टूट गई है। रात को वाहनों की लाइट में दूर से पुल मालूम ही नहीं पड़ता है। मकनपुर गांव के बालराज लोधी, शिवकुमार मौर्या, संत प्रकाश, पन्नालाल ने बताया कि बिलंदा हाईवे से हथगाम-हुसैनगंज संपर्क मार्ग को जोड़ने वाली सड़क है। इसमें दर्जन भर विक्रम चलते हैं। नहर के पुल के पास खतरनाक मोड़ है। पुल की टूटी हुई रेलिंग खतरों को दावत दे रही है। कई बार बाइक सवार पुल से गिर कर चोटहिल भी हो चुके हैं। रामगंगा नहर के अधिशासी अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि शासन से पुल निर्माण कराने की मंजूरी मिल गई है। धनराशि न मिलने की वजह से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। जल्द ही खस्ताहाल पुलों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।