हुसैनगंज (फतेहपुर)। हुसैनगंज-छिवलहा मार्ग पर रविवार शाम बाइक सवार दो दोस्तों को लोडर ने कुचल दिया। हेलमेट नहीं लगाने कीवजह से उनके सिर में गंभीर चोटें आई और दोनोें की मौके पर ही मौत हो गई। थाना क्षेत्र के सिरसी गांव के कमलेश कुमार का बेटा शुभम उर्फ आलोक रंजन (20) बाइक से डीजल लेने के लिए हुसैनगंज कस्बा आया था। उसके साथ डीजल से भरी कैन पकड़ने के लिए गांव का ही उसका दोस्त राहुल (18) पुत्र राम मनोहर भी मौजूद था। डीजल लेकर दोनों गांव वापस लौट रहे कि बजरंगापुर गांव के पास पीछे से आए लोडर ने टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए। लोडर दोनों को कुचलता हआ निकल गया।
हादसा देख उधर से जा रहे गौती गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य जय प्रकाश लोधी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पीछे किया तो चालक मवई गांव के पास लोडर छोड़कर भाग निकला। शुभम शहर के ठाकुर युगराज सिह महाविद्यालय में बीएससी का छात्र था, जबकि राहुल कक्षा नौ में पढ़ रहा था। उधर एक ही गांव के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत की जानकारी पर घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। कांग्रेस नेत्री ऊषा मौर्या भी मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने समझा बुझाकर शांत करा दिया। कार्यवाहक एसओ विजय कुमार राय ने बताया कि लोडर मालिक का पता लगाया जा रहा है।