फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के गयादीन मार्ग से अस्ती रोड के जंगल में हिस्ट्रीशीटर की तमंचे से गोली मारकर हत्या के मामले में लेनदेन का विवाद सामने आया है। प्रॉपर्टी बेचने के बाद मिली कई लाख रुपये की रकम उसने करीबी साथी मकान मालिक के कारोबार में लगाई थी।
कुछ समय से रुपये वापस मांगने पर मकान मालिक ने ही उसकी हत्या कर दी। इस वारदात में कुछ और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस रविवार को घटना का खुलासा कर सकती है। वहीं जांच में हिस्ट्रीशीटर के कई महिलाओं से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है।
राधानगर थाना क्षेत्र के खुशवंतराय नगर निवासी रामप्रकाश शहर के नासिरपीर स्थित एक मकान में किराये पर रहता था। 30 जुलाई की सुबह उमरापुर मोड़-अस्ती मार्ग के जंगली रास्ते पर उसका शव मिला था। पोस्टमार्टम में सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने सीडीआर और सर्विलांस की मदद से घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच की।
इसके आधार पर हिस्ट्रीशीटर के करीबी और मकान मालिक को हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया कि रामप्रकाश ने मकान बेचने के बाद मिली बड़ी रकम साथी के कारोबार में लगाई थी। हिस्ट्रीशीटर के रकम मांगने पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते साजिश रचकर उसकी हत्या की गई। पुलिस हिस्ट्रीशीटर के कई महिलाओं से संबंध होने के पहलू की भी जांच कर रही है।
पत्नी जैसा फर्ज निभाती रही प्रेमिका, कराई थी जमानत
हिस्ट्रीशीटर रामप्रकाश के जेल जाने पर उसकी पैरवी मलवां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली प्रेमिका करती थी। अप्रैल माह में भी उसने रामप्रकाश की जमानत कराई थी। वकील से संपर्क, जेल में मुलाकात समेत सभी जिम्मेदारियां वही निभाती थीं। बताया जाता है कि महिला के बच्चे भी बड़े हो चुके हैं। करीब डेढ़ साल पहले वह रामप्रकाश के साथ चली गई थी और कई महीने उसके साथ रही। इस दौरान महिला के पति ने पुलिस से शिकायत भी की थी।
हिस्ट्रीशीटर की हत्या के खुलासे के करीब पुलिस पहुंच चुकी है। हत्याकांड का जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा। लेनदेन के विवाद में हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
- अभिमन्यु मांगलिक, एसपी।