फाइल फोटो-48-श्रीकांत। स्रोत: परिजन
हुसैनगंज। ओवरटेकिंग के दौरान बाइक फिसलने से सड़क पर गिरे किसान को रविवार शाम पीछे से आ रहे ट्राला ने कुचल दिया। हादसे में किसान की मौत हो गई। पुलिस ने ट्राला और चालक को पकड़ लिया है।
थाना क्षेत्र के चितीसापुर के मजरे शाहपुर कोढ़इया निवासी श्रीकांत यादव (53) किसान थे। वह किसी काम से हुसैनगंज आए थे। शाम करीब छह बजे हुसैनगंज चौराहा के पास ई-रिक्शा खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ई-रिक्शा अचानक आगे चल पड़ा।
ई-रिक्शा को ओवरटेक करने के दौरान श्रीकांत की बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर गए। पीछे से आ रहे 16 चक्का ट्राला ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद पुलिस ने थाने के सामने ट्राला और चालक को पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि ट्राला और चालक को पकड़ लिया गया है।
खड़े ट्रक में कंटेनर टकराने से चालक घायल
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में चौडगरा-जहानाबाद मार्ग पर जलाला गांव के पास सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से कंटेनर शनिवार रात टकरा गया। हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक मौके से भाग निकला।
दरोगा सुशील कुमार राय ने बताया कि चौडगरा-जहानाबाद मार्ग पर जलाला गांव के पास एक ट्रक बुधवार से सड़क पर खड़ा था। शनिवार रात कंटेनर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गया।
हादसे में राजस्थान के झुंझनू जिले के पिलानी थाना क्षेत्र के डंडारिया गांव निवासी कंटेनर चालक विजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है। ट्रक को थाना परिसर में खड़ा कराने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है।