फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद जिले में फील्ड ड्यूटी करने वाले सात निरीक्षकों और 148 उपनिरीक्षकों समेत 155 पुलिसकर्मियों को बढ़े हुए मोटरसाइकिल भत्ते का लाभ मिलेगा। पुलिस स्मृति दिवस पर की गई घोषणा के तहत भत्ता 700 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इससे प्रत्येक पात्र पुलिसकर्मी को हर महीने 300 रुपये और सालाना 3600 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
जिले में 23 थाने हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अधीन एएसपी, पांच सर्किल के सीओ और निरीक्षक-उपनिरीक्षक समेत करीब 500 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं। इनमें फील्ड ड्यूटी करने वाले सात निरीक्षक और 148 उपनिरीक्षक शामिल हैं।
इनकी जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, बाहरी ड्यूटी, बंदियों को दूसरे जनपदों में पेशी पर ले जाने और वीवीआईपी कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था संभालने की है। क्षेत्र में भ्रमण के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करने वाले इन पुलिसकर्मियों को भत्ते में बढ़ोतरी से आर्थिक राहत मिलेगी।
वहीं मुख्यमंत्री ने आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों के मोबाइल सिम भत्ते को भी 2000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की है। पीपीएस अधिकारियों का वर्दी भत्ता 6400 रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने की घोषणा की गई है।
ये लाभ संबंधित संवर्गों के पात्र कर्मियों को मिलेंगे और जिले के 155 निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों के मोटरसाइकिल भत्ते से अलग हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि नई दर लागू होने के बाद पात्र पुलिसकर्मियों को बढ़े हुए भत्ते का भुगतान किया जाएगा।