तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा मंगलवार भोर पहर हुआ। ट्रक में फंसी बाइक दूर तक घिसटती चली गई। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। घटनास्थल से पुलिस को हेलमेट नहीं मिला है।
ललौली थाना क्षेत्र के हरिरामपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र कुरील (27) पुत्र छिट्टन खजुआ कस्बे में मेला देखने आया था। भोर चार बजे घर लौट रहा था। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कोरवां गांव के पास पहुंचा था तभी बांदा की ओर जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक सवार उछलकर रोड किनारे गिरा। ट्रक में फंसी बाइक दूर तक घिसटती चली गई।
पुलिस ने घायल हरिश्चंद्र को सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां चंद्रकली, भाई सर्वेश, बहन सविता का हाल बेहाल हो गया। जोनिहा चौकी इंचार्ज ऋषभ कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत सिर में चोट आने से हुई है।