फतेहपुर। जुग-जुग जियो मोर पूत... भगवान तुमका तरक्की दे...! यह दुआ निकली है, सहबसी गांव की 90 साल की भगवती के जुबां से। दरअसल सदर एसडीएम प्रमोद झा उनसे मिलने पहुचे थे। मातृ दिवस के अवसर पर उन्होंने दादी को राहत सामग्री भेंट की।
बात हो रही है असोथर ब्लॉक के सहबसी गांव की भगवती दादी की। पिछले साल लॉकडाउन में भगवती की एक वायरल फोटो ने देश-विदेश में भुखमरी और लाचारी की तस्वीर पेश की थी। तत्कालीन जिलाधिकारी संजीव सिंह ने फोटो का संज्ञान लिया तो पता चला कि भगवती दादी को डिमेंशिया है। अपनी बीमारी के कारण उन्हें याद नहीं रहता कि क्या खाया है-क्या पहना है। पूर्व डीएम ने उनका जिला अस्पताल में उपचार करवाया और सदर एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व महकमे के लोगों को साथ लेकर अपने वेतन से भगवती दादी के लिए गांव में पक्का मकान, शौचालय, रसोईघर और घर के सामने की पक्की सड़क बनवाई।
रविवार को मातृ दिवस के अवसर पर सदर एसडीएम प्रमोद झा भगवती दादी से मिलने सहबसी गांव पहुचे। जहां उन्होंने दादी को कोरोना किट, उनकी दवाएं और राशन सामग्री उपलब्ध कराई।
नीति आयोग से मिल चुका है गौरव सम्मान
कोरोना काल में बुजुर्गों की सेवा के लिए भगवती दादी के प्रकरण का नीति आयोग के दादी-दादा फाउंडेशन ने संज्ञान लिया था। फाउंडेशन की तरफ से जिलाधिकारी संजीव सिंह को दादी-दादा गौरव सम्मान से नवाजा गया था।