जहानाबाद। जहानाबाद क्षेत्र की युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका का डीएनए सैंपल लिया है। इसके अलावा, पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए चार में से तीन लोगों को छोड़ दिया है। जबकि एक युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इसी युवक से युवती की शादी तय होने की बात बताई जा रही है। हालांकि रिश्ता टूट चुका था और युवक ने बांदा जनपद में शादी कर ली थी।
पुलिस ने युवती का मोबाइल सर्विलांस पर डाल रखा है और उससे जिनकी बातचीत होती थी, उन्हें चिन्हित कर पूछताछ के लिए ला रही है। जिस युवक को पुलिस ने अभी बैठा रखा है, उससे भी बातचीत के प्रमाण पुलिस को मिले हैं। पुलिस ने युवती का डीएनए सैंपल भी लिया है। गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या में दर्ज करने के लिए पिता से बेटी की शिनाख्त का हलफनामा मांगा है। इसके बाद मुकदमा हत्या व साक्ष्य मिटाने की धारा में तरमीम होगा।
शुक्रवार की शाम तक पिता की ओर से हलफनामा नहीं दिया गया था। जहानाबाद इंस्पेक्टर राकेश पांडेय ने बताया कि गैंगरेप हुआ है कि नहीं इसके लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। युवती का डीएनए सैंपल भी लिया गया है। फिलहाल हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा तरमीम किया जा रहा है।
मृतका के पिता के अनुसार दो जून को बेटी करीब साढ़े 11 बजे घर से बिना बताए निकली थी और नहीं लौटी। पुलिस की जांच में यह पाया गया कि तीन जून की दोपहर तक उसका मोबाइल खुला था और आखिरी लोकेशन कानपुर थी। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। पिता ने बताया कि युवती कस्बे के एक प्राइवेट अस्पताल में नर्स का काम करती थी। कुछ लोगों द्वारा तंत्र-मंत्र कर उनकी बेटी को अपने वश में करके यह घटना की है।
15 जून की दोपहर युवती का शव पुलिस को ललौली थानाक्षेत्र में बोरहा नाले में मिला था। इसके बाद 17 जून को उसके पिता व भाई ने शव की पहचान की। बताया जा रहा है कि शव की पहचान दो दिन लेट होने के कारण पुलिस शंका से घिरी है। जबकि आमतौर पर गुमशुदा लोगों के परिजन शव मिलने की खबर पर उसी दिन पुलिस के पास पहुंचते हैं।