फतेहपुर। ट्रैक्टर आगे निकालने की होड़ में हुई नोकझोंक के बाद कुछ लोगों ने किसान को खंभे से बांधकर जमकर पीटा। वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थानाक्षेत्र के लौगावां निवासी गया प्रसाद 12 जून को ट्रैक्टर पर पिपरमेंट लादने धाता के बंहरौली गांव आ रहा था। उसके साथ किसान वाजिद अली निवासी कबरहा थाना धाता भी था। बंहरौली मोड़ पर तूफान सिंह निवासी बंहरौली तेज रफ्तार में अपना ट्रैक्टर लेकर पहुंचा। कई बार साइड मांगने पर भी नहीं दिया। आगे निकलने की होड़ में गया प्रसाद का ट्रैक्टर रोड से नीचे उतार दिया और बिजली के खंभे से टकरा गया।
इसके बाद दोनों पक्ष के बीच नोकझोंक होने लगी। तूफान ने ट्रैक्टर पर बैठे वाजिद अली को पीट दिया। तूफान सिंह के पिता नर्मदा सिंह और परिवार के लोग वहां पहुंच गए। विवाद बढ़ता देख गया प्रसाद मौके से भाग निकला। जबकि वाजिद को इन लोगों ने बिजली खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया। इसकी फोटो और वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष उपेंद्र नाथ राय ने बताया आरोपियों के खिलाफ हरिजन एक्ट और बंधक बनाकर मारने पीटने का मुकदमा दर्ज किया गया है।