केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री एवं सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक वर्ष के कार्यकाल में कई योजनाओं की शुरुआत कर अच्छे दिनों का शुभारंभ किया। इन योजनाओं का फायदा आम लोगों को मिलने लगा है।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के लिए केंद्र सरकार जो धन प्रदेश सरकार को देती है उसे खर्च करने में सपा सरकार जन विरोधी नीति अपना रही है।
मंगलवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास की प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
स्वच्छ भारत अभियान, अटल पेंशन योजना, गंगा पुनरोद्धार, कौशल विकास और प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से देश के लोगों को विकास की ओर ले गए। मोदी सरकार सुशासन का एक वर्ष पूरा कर चुकी है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सीवर लाइन योजना जल्द ही शुरू हो जाएगी।
सांसद निधि से शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही वर्ष 2015-16 के लिए 250 हैंडपंप और 250 सोलर लाइट मंजूर हो चुकी है। इसके अलावा 86 पानी की टंकियों का निर्माण प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री राहत कोष से जरूरतमंद लोगों के उपचार के लिए भी मदद की जाएगी।
बताया कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय देश भर में मेगा फूड पार्क योजना क्रियान्वित कर रहा है। जिले में मेगा फूड पार्क की स्थापना की जाएगी, हालांकि इसके लिए बड़े उद्योगपति की तलाश जारी है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रणवेंद्र प्रताप सिंह, जिला मंत्री नीरज सिंह भी मौजूद रहे।