फतेहपुर में असोथर थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 15 साल की किशोरी ने दो युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। घटना छह अगस्त को हुई थी। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
असोथर थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाली अनुसूचित जाति की 15 वर्षीय किशोरी छह अगस्त की शाम खेत पर गई थी। पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने उसको अगवा कर लिया और एक कोठरी में ले जाकर दुष्कर्म किया। किसी तरह किशोरी घर पहुंची और मामले की जानकारी मां को दी।
पिता शिकायत लेकर आरोपियों के घर पहुंचा। आरोपियों ने गाली गलौज कर पिता को भगा दिया। अगले दिन पिता बेटी को लेकर थाने पहुंचा तो उसकी सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को पीड़ित पक्ष ने एसपी प्रशांत वर्मा से गुहार लगाई। तब एसपी ने थाना पुलिस से नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसओ आशीष सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मौके पर पुलिस भेजी गई थी लेकिन पीड़िता परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर गई हुुई थी। उसे बुलवाया गया है। आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।