पेंशन वितरण समारोह में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री द्वारा विकलांगों पर दिए बयान को लेकर विरोध जारी है। शुक्रवार को जहां भाजपाइयों ने मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अवधेश प्रसाद का पुतला फूंका, वहीं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद विकलांग कल्याण समिति के बैनर तले विकलांगों ने विकास भवन में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। विकलांगों ने कहा कि वे किसी के लिए बोझ नहीं हैं।
भाजपाइयों ने सादीपुर चौराहे पर पुतला जलाकर सरकार विरोधी नारे लगाए। मालूम हो कि 24 दिसंबर को समाजवादी पेंशन परिचयपत्र वितरण समारोह में शामिल होने आए काबीना मंत्री ने कहा था कि विकलांग परिवार और समाज के लिए भार होते हैं
ऐसी हालत में उनकी सरकार ने नाबालिग विकलांगों के परिजनों को समाजवादी पेंशन का लाभ देने का निर्णय लिया है। सादीपुर में पुतला दहन के बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने कहा कि प्रभारी मंत्री ने विकलांगों को समाज और परिवार को बोझ कहकर उनकी उपेक्षा की है।
जिला महामंत्री प्रमोद द्विवेदी ने कहा कि विकलांगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले ऐसे मंत्री की जितनी निंदा की जाए कम होगी। कार्यक्रम में अन्नू श्रीवास्तव, मनोज शुक्ला, डा. शिवप्रसाद त्रिपाठी, राकेश तिवारी, पंकज त्रिपाठी, उदयप्रताप सिंह, राजा सिंह कछवाह, सुशील तिवारी बच्चा, आशीष मिश्रा, शारदा तिवारी, अरविंद चौहान, मनोज पटेल, प्रेमा सिंह राठौर, गायत्री सिंह, कविता रस्तोगी, पंकज त्रिवेदी, विजय प्रताप सिंह, सम्राट गौतम, अभिषेक शुक्ला, आनंद सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव, रामदत्त यादव, यदुनाथ सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
उधर, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद विकलांग कल्याण समिति के बैनरतले विकलांगों ने प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री के बयान पर नराजगी जताई है। शुक्रवार को विकलांगों ने विकास भवन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
विकास भवन पहुंचकर समाज कल्याण मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। विकलांगों ने कहा कि वह किसी के लिए बोझ नहीं हैं। वह सभी काम करते हुए अपने पैरों पर खड़े होते हैं। ऐसा कहकर काबीना मंत्री ने अपनी मानसिकता प्रदर्शित की है। इस मौके पर आयोजक समिति के प्रबंधक जितेंद्र मिश्रा अष्टाबक्र, जितेंद्र सिंह गौर, मो. इकराम, शिवपाल, केके प्रजापति आदि मौजूद रहे।