कालका मेल में गुरु वार रात नशे में धुत हो इंजीनियर ने यात्रियों से बदसलूकी की। घटना से हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर जीआरपी ने आरोपी इंजीनियर को कस्टडी में लिया। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान भी आरोपी ने डाक्टर को अल्टीमेटम देकर हंगामा किया।
कालका डाउन गुरुवार की देर रात रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन के ए-वन कोच में यात्रियों की सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जीआरपी ने यात्री शोभना राय की तहरीर पर पेशे से इंजीनियर अभिषेक निवासी 24 परगना पश्चिम बंगाल मूल निवासी उन्नाव को हिरासत में लिया।
आरोपी शराब के नशे धुत था। शोभना राय ने पुलिस को मारपीट, अभद्रता, महिला यात्रियों से बदसलूकी करने का आरोप लगाया। यात्रियों का आरोप है कि आरोपी से घटना का विरोध किया तो उसने खुद को रेलवे अधिकारी का बेटा बताया और किसी के भी कुछ न कर पाने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर पर इंजीनियर को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। इमरजेंसी ड्यूटी में मौजूद डा. हिमांशू को इंजीनियर ने नशे में देख लेने की धमकी दे डाली।
अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। जीआरपी एसओ बृजेश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपी के पिता राजेंद्र कुमार त्रिपाठी पश्चिम बंगाल में रेलवे विभाग में बड़े अधिकारी हैं।