फतेहपुर। आबकारी विभाग में शराब दुकानों के नवीनीकरण में हर दुकान से 10 हजार की रिश्वत लेने का आरोप लगा आबकारी आयुक्त से शिकायत की गई है। इस मामले में आबकारी उपायुक्त ने जांच शुरू कर दी है। यह आरोप जिला आबकारी अधिकारी पर लगा है। ऐसे में विभाग में हड़कंप मचा है।
आबकारी आयुक्त से कुछ अनुज्ञापियों ने 2020 में दुकानों के नवीनीकरण में हर दुकान से 10-10 हजार की वसूली किए जाने की शिकायत की है।
शिकायत में लेनदेन का ऑडियो और वीडियो भी होने की चर्चा है। इस शिकायत की जांच आबकारी उपायुक्त प्रयागराज ने शुरू की है। उन्होंने आबकारी अधिकारी संतोष कुमार तिवारी से उनका पक्ष रखने को कहा है।
शिकायत का तोड़ निकालने के लिए आबकारी विभाग ने अनुज्ञापियों पर दबाव बनाना चालू कर दिया है। सूत्रों की माने तो विभाग ने अनुज्ञापियों से एक पत्र लिखाना शुरू किया है।
जिसमें लिखाया गया है कि आबकारी अधिकारी ने किसी प्रकार की रिश्वत नवीनीकरण में ठेकेदारों से नहीं ली है। जिला आबकारी अधिकारी संतोष तिवारी ने बताया कि उनके खिलाफ रिश्वत लेने की शिकायत हुई है।
जिसकी जांच चल रही है। उन्होंने किसी से रिश्वत नहीं ली है। अनुज्ञापियों से पत्र लिखाने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जिले में अंग्रेजी शराब की 80, बियर की करीब 70 और देसी शराब की 250 दुकानें संचालित हैं।