4-डायट में एआरपी की बैठक लेते प्राचार्य नजरुद्दीन अंसारी
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्राचार्य नजरुद्दीन अंसारी ने अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के कार्यों की समीक्षा की। गुरुवार को बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य ने कहा कि सभी एआरपी शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन की कोशिश करें। प्रेरणा एप पर अपलोडिंग के साथ एप के माध्यम से पठन पाठन व्यवस्था कराने पर जोर दिया।
बैठक में प्राचार्य ने कहा कि कोरोना के कारण स्कूल बंद हैं। ऐसे में ई पाठशाला पर पूरा ध्यान दिया जाए। प्रयास ये हो कि सभी बच्चों के पास साप्ताहिक पाठ्यक्रम पहुंचे।
इसकी निगरानी करना अति आवश्यक है। मिशन प्रेरणा का लक्ष्य पूरा करके जिले को प्रेरक बनाने की हरसंभव कोशिश की जाए। प्रत्येक शिक्षक को 10 अभिभावकों को दीक्षा एप से जोड़ा जाए।
कुछ एआरपी ने स्कूलों में शिक्षकों की कमी की जानकारी दी। तो प्राचार्य ने जल्द ही इन स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि 15 साल या फिर अधिक उम्र वाले निरक्षरों को सूचीबद्ध किया जाए।