कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर मोड़ के पास जीटी रोड पर शुक्रवार को बाइक सवार रामकिशोर (55) को कार ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गंभीर चोट लगने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चालक को कार समेत पकड़ लिया है।
क्षेत्र के कुंभीपुर मजरे नरियनपर निवासी रामकिशोर बाइक से अपने ससुराल नरवा संग्रामपुर जा रहा था। ससुराल में साले का तिलकोत्सव था। रामकिशोर जैसे ही भोगलपुर गांव के पास पहुंचकर जीटी रोड पार करने लगा तभी सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
रामकिशोर उछलकर सड़क पर गिरा और कार के पहिए के नीचे आ गया। चालक ने कार भगाने के प्रयास में उसे कुचल दिया। एसओ ने बताया कि रामकिशोर हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें लगीं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।