फतेहपुर। जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक गुरुवार को कलक्ट्रेट में हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम अपूर्वा दुबे ने की। उन्होंने बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने विभाग के ऋण संबंधी लंबित मामलों का निसतारण कराए ताकि उद्यमियों को सहूलियत मिल सके।
निवेश मित्र पोर्टल से जिन विभागों के लाभार्थियों के आवेदन पत्र निरस्त किए गए हैं। उनके कारण की जांच करें। लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड फतेहपुर, एसडब्ल्यूसी प्रबंधक, नेशनल हाईवे अथारिटी रायबरेली, पुलिस विभाग, बिजली विभाग, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपी सीडा आदि से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत योजनाओं की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने पर एलडीएम, सहायक महाप्रबंधक बैंक आफ बड़ौदा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने के लिए जितने नागरिकों को ऋण उपलब्ध कराया गया है उनकी सूची जिले के औद्योगिक वाट्सएप ग्रुप में शेयर करने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।