नकल माफिया के आगे विभागीय सख्ती घुटने के बल है। सोमवार को बोर्ड परीक्षा की पहली पाली मेें दो परीक्षा केंद्रों में सामूहिक नकल पकड़ी गई। सचल दलों ने सामूहिक नकल कराने वाले तीन कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
साथ ही दोनों केंद्रों की परीक्षा निरस्त करने की सिफारिश की है। उधर एक केंद्र में एक छात्रा नकल करती पकड़ी गई, जबकि एक अन्य परीक्षा केंद्र में व्यवस्थापक को तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया।
सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल संस्कृत विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा की निगरानी के लिए छह बैच निकले, जिसमें जिला विद्यालय निरीक्षक मोहम्मद रफीक के नेेतृत्व वाले बैच ने आदर्श कृषि इंटर कालेज बड़ाहार गढ़ी में छापा मारा यहां कापियों के मिलान करने में सामूहिक नकल की पुष्टि हुई।
कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी कर रहे इसी स्कूल के शिक्षक रामराज सिंह व महात्मा गांधी इंटर कालेज के शिक्षक जयप्रकाश शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए सचलदल ने केंद्र व्यवस्थापक शिवप्रसाद दीक्षित को निर्देशित किया।
इसी तरह अतिरिक्त बैच ने गया प्रसाद शिक्षण संस्थान तारापुर असनी में छापा मारा। यहां चार कक्षों में हो रही परीक्षा में कक्ष संख्या एक में इसी स्कूल की शिक्षक नेहा पांडेय कक्षनिरीक्षक की ड्यूटी कर रही थी। यहां पर तीन बड़े सवालों को जवाब एक जैसे पाए गए, जिससे सामूहिक नकल की पुष्टि हुई।
सचल दल ने केंद्र व्यवस्थापक प्रेमनरायाण दोहरे को कक्षनिरीक्ष नेहा पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
दोनों केंद्रों की परीक्षा निरस्त कराकर दोबारा परीक्षा कराने के लिए बोर्ड को लिखा गया है। डायट के सचल दल ने स्व. शिवबोधन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में एक छात्रा को नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
उधर, बीएसए ओपी त्रिपाठी की रिपोर्ट पर डीआईओएस ने ललौली इंटर कालेज केंद्र व्यवस्था जफरुद्दीन खां को तत्काल प्रभाव से हटाकर उनके स्थान पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार को केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी है।
अब तक 9 नकलची पकड़े गए
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा में सोमवार तक कुल 9 नकलची पकड़े गये हैं। इनमें 5 इंटरमीडिएट तथा 4 हाईस्कूल बोर्ड परीक्षार्थी शामिल हैं। इसके अलावा चार परीक्षा केंद्रों में सामूहिक नकल पकड़ी गई है।
सामूहिक नकल पकड़े गए केंद्रों में स्व शिव बोधन सिंह उच्चतर माध्यमिक स्कूल सातों, राजा रघुराज सिंह इंटर कालेज सवंत, गयाप्रसाद शिक्षण संस्थान तारापुर असनी, आदर्श कृषि इंटर कालेज बड़ाहार गढ़ी हैं। इन सभी में संबंधित विषयों की परीक्षा निरस्त करके दोबारा परीक्षा कराने की संस्तुति की गई है।