खागा। घर लौट रहे एक युवक पर दो अप्रैल को गांव किनारे ही कुछ लोगों ने घेरकर हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के सलवन गांव निवासी बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दो अप्रैल को दस बजे उनका भाई राजेश कुमार त्रिपाठी लोहारपुर चौराहे से गांव लौट रहा था। सलवन रोड किनारे खाही के पास घात लगाकर बैठे लवलेश, मनोज, अखिलेश (तीनों भाई), रामराज, अभिषेक और बबलू ने लाठी-डंडा, रॉड, हथौड़ा आदि सामान के साथ राजेश को घेर लिया और हमला कर दिया।
मारपीट में राजेश को काफी चोटें लगीं। उसने मदद के लिए आवाज लगाई तो वहां मौजूद लोग दौड़ पड़े। राजेश के अचेत होते ही हमलावर उसे मरा समझकर वहां से भाग निकले। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।