खागा। विजयीपुर ब्लाक की कमान युवा हाथों में आते ही पहली बैठक में ही रोजगार सेवकों को जोरदार प्रस्ताव दिया गया है। ब्लाक प्रमुख नेहा त्रिवेदी की ओर से कहा गया कि रोजगार सेवक, मनरेगा के तहत कोई भी ऐसा कार्य गांव में कराते हैं, जो प्रदेश या जिलास्तर पर सराहनीय हो और इससे गांव का नाम रोशन होता है, तो पुरुष रोजगार सेवक को एक बाइक व महिला सेवक को स्कूटी दी जाएगी। कार्य का आंकलन प्रशासन करेगा।
विजयीपुर ब्लाक प्रमुख नेहा त्रिवेदी की मौजूदगी में बुधवार को ब्लाक में पहली बैठक हुई। इसमें विजयीपुर क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई। बैठक के दौरान ब्लाक में करीब 48 रोजगार सेवकों को प्रोत्साहित करने के लिए एक योजना का ऐलान किया गया। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि व भाजपा नेता आदित्य त्रिवेदी ने बताया कि रोजगार सेवकों को यह बताया गया है कि उनके द्वारा मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों पर उन्हें पुरस्कार मिलेगा।
इसके लिए शर्त यह होगी कि उनके द्वारा कराए गए विशेष कार्य की चर्चा जिला या प्रदेश स्तर पर होनी चाहिए। काम एक मिसाल के तौर पर हो। ऐसा कार्य कराने वाले पुरुष रोजगार सेवक को बाइक व महिला रोजगार सेवक को स्कूटी उनकी ओर से दी जाएगी। उनके द्वारा कराए गए कार्य का आंकलन ब्लाक, तहसील व जिला स्तर के अधिकारियों के द्वारा किया जाएगा। बताया कि ब्लाक में करीब 46 पुरुष और दो महिला समेत कुल 48 रोजगार सेवक कार्य कर रहे हैं। विजयीपुर ब्लाक में 64 ग्राम सभाएं हैं। 16 ग्राम पंचायतों में रोजगार सेवकों के पद खाली हैं।