कानपुर के गीतानगर में कोचिंग पढ़ रहे युवक को उसकी परिचित लड़की ने धोखे से बुलाया और अपहरण करा दिया। अपहरणकर्ता उसे सतना ले गए। जहां से युवक चकमा देकर भाग निकला। बुधवाक को कोतवाली पहुंच कर पुलिस को जानकारी दी।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के चकजहानपुर निवासी रामशंकर का बेटा हेमंत पटेल करीब चार साल से कानपुर के गीता नगर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। सोमवार शाम उसकी परिचित लड़की ने फोन कर पार्टी देने के बहाने एक रेस्टोरेंट के पास बुलाया।
हेमंत के मुताबिक वह रेस्टोरेंट के पास पहंचा तो उसने शहर के बाहर चलने को कहा। इस पर वे दोनों रामादेवी चौराहे के पास पहुंचे तो वहां तीन युवक मिले, जो उस लड़की के परिचित थे। ये सभी लोग गाड़ी में उसे भी बैठा लिए और सरसौल की ओर रवाना हुए।
इस बीच गाड़ी में बैठे एक युवक ने उसे अपनी रुमाल सुंघाकर बेहोश कर दिया। जब वह होश में आया तो खुद को सतना रोड मंझगवंा में पाया। रात करीब दो बजे उसने गाड़ी से उतर कर भागने की कोशिश की तो युवकों ने तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी।
शोर में उसने पेट दर्द का बहाना बनाते हुए शौच के लिए जाने की बात कही। इस पर जंगल के बीच गाड़ी रूकी। युवक गाड़ी में मौजूद थे वह शौच के बहाने कुछ दूर गया। इसके बाद खेतों से होते हुए भाग निकला।
सुबह एक गांव में पहुंचा तो पता चला कि वह सतना जिले का टूटी पुलिया मंझगवां गांव है। वहां से परिजनों को फोन किया। परिजन मंझगवां पहुंचे और उसे लेकर वापस लौटे।
बुधवार को बिंदकी कोतवाली में मामले की जानकारी दी। कोतवाल केके यादव ने बताया कि मामला कानपुर नगर का है। इसलिए कानपुर में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया है।