हथगा में खड़ी बाइक में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इसमें दो युवकों की जान चली गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक किसी भी बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
क्षेत्र के ऐराया मसायक गांव के इम्तियाजउद्दीन का बेटा सुफियान (20) साथी इम्तियाज के साथ बाइक से चौकी चौराहे से गांव लौट रहा था। रास्ते में लघुशंका के लिए इम्तियाज ने बाइक खड़ी कर दी, सूफियान बाइक पर ही बैठा था। तभी विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने खड़ी बाइक पर टक्कर मार दी। इस बाइक में विपिन कुमार पुत्र करन व उसका साथी मोनू पुत्र कल्लू निवासी डलीपुर सवार थे। यह दोनों मलवां के सेमौरी गांव से वापस आ रहे थे।
हादसे में सूफियान, विपिन और मोनू घायल हो गए। तीनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां पर सूफियान को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। वहीं सदर अस्पताल से कानपुर ले जाते वक्त विपिन की मौत हो गई।