खागा एसडीएम को ज्ञापन देने जाते ब्योटी गांव के ग्रामीण
- फोटो : FATEHPUR
खागा/विजयीपुर में सरकारी राशन की दुकान से एक किलो चने को लेकर कार्डधारक की संचालक व उसके साथियों ने पिटाई कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों ने एसडीएम आवास और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
विजयीपुर विकास खंड के ब्योटी गांव निवासी बृजेश कुमार पाल पुत्र जागेश्वर ने बताया कि वह मंगलवार को कोटे की दुकान पर अगस्त महीने में मिलने वाला चना लेने गया था।
आरोप है कि चना देने की बजाए उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज की गई। बृजेश का आरोप है कि गांव के पूर्व कोटेदार ने जब कोटा छोड़ा तो कोटे को एक अन्य कोटे से संबंद्ध कर दिया गया। अब कोटेदार खुद राशन वितरित न करके अपने रिश्तेदार से राशन वितरित कराते हैं।
उसी रिश्तेदार ने मारपीट की है। उसने घटना की शिकायत थाने में की। इसके बाद बृजेश ग्रामीणों को लेकर एसडीएम खागा के आवास पर पहुंचा और इस अराजकता की शिकायत की। एसडीएम ने मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए है।