रक्षाबंधन पर्व के कारण पत्नी को विदा न करने की खुन्नस में साले विजय सविता (14) की हत्या करने का आरोपी बाबूलाल उर्फ बबलू पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हत्यारोपी को ग्रामीणों ने घेरकर दबोचा। आरोपी पुलिस को कॉबिंग के दौरान चकमा देकर भाग निकला था। जंगल में काफी तलाश के बावजूद वह पुलिस को खोजे नहीं मिला था।
बता दें कि आरोपी खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव का निवासी है। वह पत्नी छाया को घर ले जाने के लिए ओरम्हा गांव ससुराल पहुंचा था। रक्षाबंधन के बाद ससुराल पक्ष ने भेजने को कहा था। इसी खुन्नस में साले विजय को बहाने से ले जाकर हत्या कर दी थी। गन्ने के खेत में परिजनों को शव बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी के घर और रिश्तेदारों के घर में छापेमारी की। आरोपी हथगाम थाने के मेलइहा गांव में मौसी के घर हत्याकांड के बाद जाकर छिपा था।
पुलिस की छापेमारी से पहले ही रिश्तेदार की बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस उसका पीछा करने को निकली। खागा रोड पर आरोपी ने पुलिस की जीप सामने से आती देखी। वह बाइक समेत अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। भागकर जंगल में जाकर छिप गया।
पुलिस कुछ देर बाद तलाश कर वापस लौट आई। जंगल में ही बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पड़ा देखा। ग्रामीणों ने उसको घेर लिया। खबर पाते ही पुलिस पहुंच गई। सीओ अतुल चौबे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे क ार्रवाई की जा रही है।
आरोपी बोला, मार दिया साले को अब बांधो राखी- आरोपी बबलू ने हत्याकांड के बाद पत्नी छाया के मोबाइल पर सूचना दी थी। कहा था कि तेरे भाई को मार दिया है। अब आराम से जीवनभर मायके में रहकर राखी बांधना। गांव के किनारे लाश पड़ी है। एसओ एके राय ने बताया कि मोबाइल की कॉल डिटेल का सीडीआर निकाला जाएगा। आरोपी कातिल का यह स्वीकार करना पुलिस के लिए साक्ष्य होगा।
दो दिन से अल्लीपुर में घूम रहा था आरोपी- साले की हत्या के आरोपी बबलू को अल्लीपुर में इलाकाई लोगों ने देखा था। वह दो दिन से ससुराल के आसपास घूम रहा था। परिजनों ने बताया कि उसका मकसद शायद गांव में आसपास पत्नी को ही घूमते फिरते पकड़ना या फिर अपहरण कर ले जाना रहा होगा।