करंट से संविदा विद्युत कर्मी की मौत
- फोटो : अमर उजाला
दो किसानों ने भुट्टे के खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई तार की बाड़ में करंट दौड़ा दिया। इसकी चपेट में आकर रोडवेज के संविदाकर्मी की जान चली गई। परिजनों के हंगामा करने के बाद पुलिस ने खेत मालिक और बटाईदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी श्रीकांत पांडेय की कृषि भूमि औंग थाना क्षेत्र के गांव रावतपुर में है। उसने गांव रावतपुर निवासी रमेश गुड़िया को बटाई पर खेत देकर मक्का (भुट्टे) की फसल तैयार कराई है। दोनाें का कहना है कि नील गायों व अन्य जंगली जानवरों से फसल को बचाने के लिए उन्हाेंने खेत के चारों ओर कटीले तार लगाए थे। केवल रात के समय उसमें करंट दौड़ा दिया जाता था।
दूसरी ओर गांव रावतपुर निवासी कल्लू ने थाना औंग में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका बेटा देशराज (35) रोडवेज में संविदाकर्मी था। वह रविवार रात पैदल घर आ रहा था कि मकाई के खेत के पास तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
सोमवार को घटना का पता चला। इस पर परिजन थाने पहुंचे। रिपोर्ट दर्ज करने में पुलिस के आनाकानी करने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि मृतक के पिता की तहरीर पर खेत मालिक और उसके बटाईदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।