फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के सैयदवाड़ा मोहल्ला में शुक्रवार को महाराष्ट्र पुलिस ने दुष्कर्म आरोपी की तलाश में छापा मारा। यहां आरोपी अर्श उर्फ जुहैफ अरशद पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने परिजन से पूछताछ कर उन्हें चेतावनी दी कि आरोपी को 10 दिन के भीतर हाजिर नहीं किया गया तो उसकी संपत्ति कुर्क कर दी जाएगी।
सैयदवाड़ा मोहल्ला निवासी अर्श उर्फ जुहैफ अरशद महाराष्ट्र के शिवाजीनगर थाने के गोवंडी में कई साल से रह रहा है। वती ने आरोप लगाया है कि अर्श ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती की ओर से शिवाजीनगर थाने में 30 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामला थाणे थाने को स्थानांतरित कर दिया गया।
एसआई अविनाश महाजन थाणे थाने से आरोपी की तलाश में शुक्रवार को सैयदवाड़ा मोहल्ले पहुंचे। उनके साथ कोतवाली पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस को आरोपी घर में नहीं मिला।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी के परिजनों से पूछताछ की और उन्हें चेतावनी दी कि आरोपी को 10 दिन के अंदर हाजिर करना होगा अन्यथा संपत्ति कुर्क की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस दुष्कर्म आरोपी की तलाश में आई है।