बकेवर (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के बिजौली गांव में शनिवार देर शाम मिट्टी खनन रोकने पहुंची पुलिस टीम पर खनन माफिया ने हमला कर दिया। सिपाहियों के साथ हाथापाई की गई। सूचना मिलते ही थाने से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा लेकिन आरोपी भाग निकले। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मौके से तीन वाहन पकड़कर उन्हें सीज कर दिया है।
बिजौली गांव स्थित विनायक बाबा मंदिर के पास अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर सिपाही जितेंद्र सोलंकी और महेंद्र पाल मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के खनन रोकने पर आरोपियों ने दोनों सिपाहियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। जानकारी मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस घेराबंदी के दौरान थाना क्षेत्र के मुरारपुर गांव के एक युवक को पकड़ लिया गया। मौके से मिट्टी लदे दो ट्रैक्टर और एक छोटी जेसीबी बरामद हुई। इन्हें पुलिस ने सीज कर दिया है। हमले में सिपाही जितेंद्र सोलंकी की आंख और महेंद्र पाल के गले समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश राय ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। घायल सिपाहियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।