चौडगरा (फतेहपुर)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुनीर गांव में पड़ोसियों ने किशोर को रुपये और मोबाइल का लालच देकर उसके घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी कराए। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
गुनीर गांव निवासी किशोर के पिता ने बताया कि 24 अगस्त को घर के बक्से से पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। इनमें तीन अंगूठी, बेंदी, एक जोड़ी टॉप्स, बेसर, झाला, नाक की कील, कान का बाला और दो सोने के सिक्के थे। पूछताछ में बेटे से पता चला कि पड़ोस में रहने वाले तेजबहादुर सिंह, पत्नी निशा, बेटे विजय और पुत्री पूजा, सुभा व सोनम ने उसे पैसों और मोबाइल का लालच दिया था।
बहकावे में आकर वह छह माह से घर से जेवर चोरी कर पड़ोसी परिवार को देता रहा। बदले में परिवार ने उसे कुछ रुपये भी दिए। पीड़ित ने बताया कि पड़ोसी परिवार से जेवर मांगे तो उन्होंने लौटाने से मना कर दिया। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि पड़ोसी तेजबहादुर समेत छह परिजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।