फतेहपुर। जनपद की ट्रैक्टर एजेंसियों के भाग्य खुल गए हैं। किसानों ने इन पर मेहरबानी दिखाई है। वह आलू की बुआई से पहले खूब ट्रैक्टर खरीद रहे हैं और त्योहारी सीजन में चल रही छूट का लाभ ले रहे हैं। नवरात्र से अब तक व्यापार आम दिनों की अपेक्षा दोगुना हो गया है। फिलहाल ट्रैक्टर व्यापार में उछाल से व्यापारियों में खुशी है।
खागा स्थित कामदगिरि ऑटो मोबाइल के प्रोप्राइटर प्रदीप गर्ग ने बताया कि नवरात्र की शुरुआत से ही ट्रैक्टर की खरीदारी बढ़ गई है। किसान खूब रुझान दिखा रहे हैं। धनतेरस व दीपावली में पूरे जनपद में एक हजार से ज्यादा ट्रैक्टर बिकने की उम्मीद है। सिर्फ हमारे यहां से 20 से ज्यादा ट्रैक्टर बिकने का अनुमान है। हम डायना ट्रैक-245 ट्रैक्टर भी बेच रहे हैं, जो उत्तराखंड जैसे राज्यों में चलता है। यह बहुत ही पावरफुल ट्रैक्टर है। अलग-अलग पावर के सवा छह लाख से 12 लाख रुपये तक के ट्रैक्टर मौजूद हैं। सात से आठ लाख रुपये रेंज के ट्रैक्टर सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। उन्होंने बताया कि हम देश का सबसे मजबूत ट्रैक्टर मैसी पावरट्रैक बेचते हैं। यह भारत का पहला डीजल ट्रैक्टर है। यह लोहालाट और सबसे ज्यादा माइलेज देने वाला ट्रैक्टर है। इसकी स्टीयरिंग भी बहुत हल्की चलती है।
चरण ऑटो मोबाइल के प्रोप्राइटर मनोज कुमार ने बताया कि हमारे पास सोनालिका के साढ़े छह लाख रुपये से लेकर 12 लाख तक के ट्रैक्टर मौजूद हैं। ग्राहक इन्हें खूब पसंद कर रहे हैं। नवरात्र की शुरुआत से ही सेल बढ़ गई है। आम दिनों की अपेक्षा दोगुना संख्या में ग्राहक आ रहे हैं। अभी धनतेरस और दीपावली में भीड़ बढ़ने वाली है। इस महीने अभी तक 30 से 35 ट्रैक्टर बिक चुके हैं। अभी आगामी त्योहारों पर भी इतनी ही गाड़ियां निकलने की उम्मीद है। इस बार व्यापार में अच्छा उछाल है।
बैटरियों और सोलर पैनलों की बढ़ी बिक्री
त्योहार के समय बैटरियों और सोलर पैनलों की दुकानों पर भी भीड़ लग रही है। लोग अपने घरों की इन्वर्टर बैटरी और गाड़ियों की बैटरी बदलवाने में जुट गए हैं। वह त्योहारों पर चल रहे ऑफर्स का लाभ उठा रहे हैं। इसके अलावा लोग इस समय पीएम सूर्य योजना के तहत लोग सोलर पैनल लगवा रहे हैं। सरकार की तरफ से मिलने वाली छूट से लोग इसमें रुझान दिखा रहे हैं। हमारे पास टाटा कंपनी के सोलर मौजूद हैं। कई ऑर्डर मिले हैं, जिन पर काम चल रहा है।