बकेवर। निर्माणाधीन गेस्ट हाउस में ठेकेदार समेत गृहस्वामी का काम करा रहे दो लोगों को बंधक बनाकर पीटने के बाद बदमाश 65 क्विंटल सरिया और आठ हजार रुपये लूटकर बदमाश भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधक मुक्त हुए। करीब 12 घंटे बाद बिंदकी पुलिस ने घटना की जिम्मेदारी ली और घटना की छानबीन को पहुंची।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के केसरिया बाग के भट्टे के पास कल्पना देवी का निर्माणाधीन गेस्ट हाउस है। निर्माणाधीन गेस्ट हाउस में कल्पना के बकेवर थाने के रामपुर निवासी मामा रामनरेश उर्फ कल्लू वर्मा, हरदोई जिला कोतवाली देहात मंगोलापुर निवासी ठेकेदार रोहित सिंह व हरदोई टेडियावां भूडिया निवासी मजदूर प्रेम कुमार रहते हैं।
रामनरेश ने बताया कि करीब रात 12 बजे डीसीएम सवार 10 से 12 बदमाश धारदार हथियार और लाठी डंडे लेकर पहुंचे। बदमाशों ने बोला कि उनके पास करीब साढ़े तीन लाख रुपये हैं। उन रुपयों की मांग की। रुपये न देने पर गड़ासे से हमला किया। इसी दौरान ठेकेदार रोहित सिंह और मजदूर प्रेम कुमार को लहूलूहान किया। मुह में कपड़ा ठूंसकर तीनों को बांधकर टीन सेड के नीचे फेंक दिया।
डीसीएम में करीब 65 क्विंटल सरिया, आठ हजार रुपये, दो मोबाइल लेकर भाग निकले। बाइक में तोड़फोड़ की और पेट्रोल निकाल दिया। बाइक की चाबी लेकर चले गए। रामनरेश ने बताया कि बदमाशों को मालूम था कि उसके पास रुपये हैं। आपस में किसी तरह से हाथ पर खोलकर सभी लोग रामपुर गांव पहुंचे।
सूचना पर बकेवर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल बिंदकी बताकर पीड़ितों को टरका दिया। घायलों को बिंदकी कोतवाली में टरका दिया गया। करीब 12 घंटे बाद खजुहा चौकी और शाम चार बजे बिंदकी कोतवाल घटनास्थल पहुंचे।
एसपी पीआरओ आलोक पांडेय ने बताया कि थानों की पुलिस की ओर से कोई सूचना नहीं आई है। घटनास्थल की क्षेत्रीय पुलिस जांच करने गई है। बिंदकी कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।
एसपी उदयशंकर सिंह, सीओ बिंदकी और एसओजी की टीम गुरुवार शाम निर्माणाधीन गेस्ट हाउस में जांच करने पहुंचे। एसपी ने घायल रामनरेश के बयान लिए। बिंदकी कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए। घटना के आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरे देखने का आदेश किया है।
बदमाशों के छीने मोबाइल पानी भरे ड्रम से मिले
बदमाशों ने लूटपाट के दौरान रामनरेश और रोहित के मोबाइल छीन लिए थे। करीब दो घंटे बाद बंधन से मुक्त होकर सारे लोग रामपुर गांव पहुंचे। जहां रोहित के मोबाइल पर रामनरेश के भतीजे आनंद ने फोन किया। पहले मोबाइल स्विच ऑफ बताता रहा। करीब रात साढ़े तीन बजे आनंद के मोबाइल पर रोहित का नंबर ऑन होने का मैसेज पहुंचा। दोनों मोबाइल पानी भरे ड्रम में सुबह खोजबीन के दौरान मिले हैं।