फतेहपुर। बांदा-टांडा हाईवे पर महमदपुर मोड़ के पास अनियंत्रित लोडर ने बाइक सवार मामा भांजी को टक्कर मार दिया। दोनों घायल बाइक सवारों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ललौली थाना क्षेत्र के जिंदपुर निवासी विमल कुमार (40) भांजी माही (6) को रायबरेली के भीटी गांव बाइक से छोड़ने जा रहे थे। गाजीपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर मोड़ के पास बांदा-टांडा हाईवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडर ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इससे विमल कुमार और उसकी भांजी माही गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और लोडर को कब्जे में लिया है। चालक मौके से फरार हो गया है। माही को मामा विमल कुमार रक्षाबंधन पर अपने घर लेकर आए थे। त्योहार बाद उसे बाइक से उसके गांव छोड़ने जा रहे थे। शाह चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा ने बताया कि चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।