फतेहपुर आबू नगर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को साढ़े आठ घंटे बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ा। रविवार सुबह नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इस बीच में गर्मी से लोग हलाकान दिखे और 25 हजार की आबादी प्रभावित हुई। लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी दोपहर तक में बोल गए।
बिजली की बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आबूनगर उपकेंद्र के पांच फीडरों की मशीनें बदली गईं। इसमें शादीपुर, अस्ती, नउवाबाग, आवास विकास और पटेल नगर फीडर हैं। नई मशीनें लगाने को इन फीडरों से जुड़े अस्ती, नई तहसील, चित्रांश नगर, शादीपुर, नासेपीर, पत्थरकटा चौराहा, सिविल लाइंस, आवास विकास, तांबेश्वर चौराहा मोहल्ले की बिजली सुबह नौ बजे बंद कर दी गई थी। इसके बाद शाम को साढ़े पांच बजे नई मशीनों से आपूर्ति चालू की गई। दोपहर की तेज धूप में लोग गर्मी से बेहाल हो गए। बिजली कटौती से दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भी लोग गर्मी से परेशान रहे।
अवर अभियंता अभिनव कुमार ने बताया कि उपकेंद्र की मशीनें जर्जर हो गईं थीं। उपकेंद्र में अधिक क्षमता की मशीनों को लगाया गया है। ताकि फीडरों में बार-बार की ट्रिपिंग से राहत मिले और उपभोक्ताओं को लगातार बिजली आपूर्ति मिल सके। इन मशीनों के लगाए जाने से लो-वोल्टेज की भी समस्या खत्म हो जाएगी।