समसपुर में शनिवार की रात छत के रास्ते मकान में घुसे चोर जेवर और नगदी समेत करीब 34 लाख का माल समेट ले गए। इतना ही नहीं चोर रायफल की मैगजीन और कारतूस भी उठा ले गए। परिजन सुबह उठे तो चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
थाना क्षेत्र के समसपुर गांव में हाजी बदलू के तीन पुत्र अंसार, इस्माइल और इसहाक हैं। इसहाक सऊदी अरब में नौकरी करता है। फिलहाल वह छुट्टी पर गांव आया है। मकान में इस्माइल की बहन अफसरी और पुत्री नर्गिस भी अपने परिवार के साथ रहते हैं। अफसरी के दो बेटे इश्तियाक और रिजवान भी सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। परिवार के सदस्य शनिवार की रात छत पर सोेए थे, जबकि इस्माइल का पुत्र अबू साद घर में सो रहा था। चोर रात में छत के रास्ते मकान में घुस गए। सीढ़ियों का दरवाजा खोलकर घर में पहले चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़ दिए। कमरे में रखी अलमारियों का लॉकर तोड़कर सोने, चांदी के जेवरात और नकदी समेट गैलरी के दरवाजे का ताला तोड़कर फरार हो गए। तड़के इसहाक की पत्नी शफीला जागी तो सामान बिखरा पड़ा देखा। कमरे और अलमारी का ताला टूटा देख उसे चोरी की जानकारी हुई। शफीला के चीख पुकार मचाने पर अन्य लोग जाग गए। सूचना पर एसओ राधेश्याम राव मौके पर पहुंचे। पीड़ित अबू साद ने तहरीर में करीब एक किलो सोने के जेवर, दस किलो चांदी के जेवरात और सवा दो लाख रुपये चोरी होने की शिकायत की है। एसओ ने बताया कि तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तफ्तीश की जा रही हैै।