फतेहपुर। रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन की मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं। यहां पेयजल के लिए लगाए गए नल से पानी नहीं निकल रहा है। पानी के लिए लगी टोटी बंद पड़ी हैं। कई पेयजल की टोंटियां खराब हैं। इनसे लगातार पानी बहकर बर्बाद हो रहा है।
बस स्टैंड में दो वेटिंग हॉल हैं। एक वेटिंग हॉल में पंखे लगाने के लिए आठ जगह हैं। लेकिन केवल चार में पंखे लगे हैं। दूसरे वेटिंग हॉल में आठ में से केवल एक पंखा लगा है। इसमें यात्रियों के बैठने के लिए दो सीटें भी टूट चुकी हैं, जिन्हें वहां से हटा दिया गया है, लेकिन फर्श में उनकी बड़ी-बड़ी कीलें गड़ी हैं। इससे यात्रियों के चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। इसके साथ बस स्टॉप के चार सीसीटीवी कैमरा एक साल से खराब हैं। पेयजल के लिए लगीं सिर्फ दो टोटियां चालू हैं और अन्य खराब हैं।
रेलवे स्टेशन के पूछताछ केंद्र में शीशा नहीं लगा है और उसमें पूछताछ केंद्र भी कहीं नहीं लिखा है। ऐसे में यात्री पूछताछ केंद्र में जानकारी लेने के लिए भटकते रहते हैं। वहीं यहां पर 10 से 12 स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था है। प्लेटफार्म नंबर एक व दो में आरओ मशीन लगी है। लेकिन वॉटर बूथों से पानी निकलना बंद है। इसकी वजह से यात्रियों को पानी के लिए अन्य पेयजल स्थानों पर जाना पड़ता है। हालांकि यहां साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर है।
स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत सुंदरीकरण का कार्य हो रहा है। कार्य प्रगति पर है, स्टेशन पर जो कमियां है, सभी को पूरा किया जाएगा।
महेंद्र गुप्ता, वाणिज्य निरीक्षक, फतेहपुर रेलवे स्टेशन
बस स्टैंड पर जो भी समस्याएं हैं, उन्हें दिखवाया जाएगा। जल्द ही अव्यवस्थाओं को दूर किया जाएगा।
अनिल कुमार, आरएम