फाइल फोटो-32-दिनेश। स्रोत परिजन
- फोटो : 1
खागा। कानपुर नगर में रहकर मजदूरी करने वाले युवक को रविवार रात ओवरब्रिज पर वाहन ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आधार कार्ड के जरिये युवक की पहचान की। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।
कानपुर नगर के चकेरी थाना क्षेत्र के 13 अहिरवन हरजिंदर नगर निवासी दिनेश (35) मूलरूप से सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के भादर गांव में रहते थे। वह कई साल से पत्नी सुमन और तीन बच्चे राधिका, गोरे व कृष्णा के साथ कानपुर में रहते थे।
मजदूर का शव रात करीब 11 बजे खागा कोतवाली नौबस्ता बाईपास पर ओवरब्रिज पर पड़ा मिला। पुलिस ने युवक के कपड़ों की तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड और मोबाइल फोन मिला। इससे उसकी शिनाख्त हुई।
परिजन सोमवार को कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि दिनेश के पिता स्व. श्यामलाल भी कानपुर में ही रहकर मजदूरी करते थे और वहीं निवास बना लिया था। दिनेश का गांव बहुत ही कम आना-जाना होता था। परिजन ने बताया कि दिनेश के नाम पर कुछ खेत थे।
खेत किसी ने खरीद लिया था और रुपयों के लेनदेन को लेकर कुछ अनबन चल रही थी। उन्होंने आशंका जताई है कि दिनेश की हत्या की गई है। कोतवाल आरके पटेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कानपुर में शाम सात बजे ही था दिनेश
दिनेश की पत्नी सुमन ने बताया कि पति दो बजे घर से निकले थे। उन्होंने खागा या फिर अपने गांव जाने की बात नहीं कही थी। वह गांव जल्दी नहीं जाते थे। उन्हें लोगों ने शाम सात बजे स्थानीय मछली बाजार में देखा था। परिजन ने आशंका जताई कि किसी ने उन्हें बुलाया होगा और इसके बाद यह घटना हुई। परिजन ने दिनेश के मोबाइल की कॉल डिटेल चेक करने की बात कही है।
फाइल फोटो-32-दिनेश। स्रोत परिजन- फोटो : 1