हुसैनगंज। थाना क्षेत्र के ऊबीपुर गांव के पास बुधवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर पुत्तन (40) की मौत हो गई, जबकि शिवकेश (18) झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामपुर पिलही गांव के ग्रामीण दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए रामचंद्रन घाट जा रहे थे। डीजे पर गांव निवासी पुत्तन और शिवकेश बैठे थे। ऊबीपुर गांव के पास डीजे पर बैठे दोनों युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने दोनों को बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने पुत्तन को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने हादसे में मजदूर की मौत की पुष्टि की।