थरियांव। हसवा विकासखंड के रामपुर थरियांव स्थित खेल मैदान में आयोजित प्रीमियर लीग टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में सोमवार को कोर्रा इलेवन और ठाकुर इलेवन आमने-सामने रहीं। कोर्रा इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ठाकुर इलेवन को शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मैच में कोर्रा इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 14 ओवर में छह विकेट खोकर 144 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ठाकुर इलेवन की टीम महज नौ ओवर में 68 रन पर सिमट गई।
कोर्रा इलेवन ने 76 रनों से मुकाबला जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। ऑलराउंडर विनय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी में दो ओवर में 18 रन देकर दो विकेट झटके। बल्लेबाजी में 21 गेंदों पर 42 रन बनाए।
मुख्य अतिथि डॉ. डीएस यादव ने विनय को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान गोरे मौर्या, महेश द्विवेदी, सुनील दीक्षित, सुनील लोधी, राजू तिवारी, संग्राम सिंह, नरसिंह यादव, अवधेश मौर्य, अमित सिंह, अमित राज, शिव लोचन सिंह आदि मौजूद रहे।