बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के गांव में रविवार रात घर के बाहर सो रहे युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। तड़के परिजनों को घटना की जानकारी हुई। कुछ ही देर में घर के बाहर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ और एसओ मौके पर पहुंचे। एसपी ने परिजनों, ग्रामीणों से पूछताछ की। घटना के खुलासे में कई थानों की पुलिस लगाई गई है। युवक की पुलिस में भर्ती हो गई थी। सात जुलाई को उसकी ज्वाइनिंग थी। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के गांव सदान बदान का पुरवा निवासी राजेंद्र सिंह यादव का पुत्र राघवेंद्र यादव (20) रविवार रात घर के बाहर चारपाई पर सोया था। पास ही नौकर, चचेरा भाई कंचन पुत्र ज्ञानेंद्र, सतवंत पुत्र बाबूराम और तुषार भी अपनी अपनी चारपाई पर सो रहे थे। राघवेंद्र की बहनें नीता और नीतू छत पर सोई थीं जबकि पिता, चाचा व भाई खेतों पर थेे। रात को किसी ने कुल्हाड़ी और चारपाई की पाटी से वार कर राघवेंद्र की हत्या कर दी। बगल में सो रहे चचेरे भाइयों को उसकी चीख तक नहीं सुनाई दी। तड़के करीब चार बजे सो कर उठे चचेरे भाई राघवेंद्र का रक्तरंजित शव देखकर चीख पड़े। हत्या की खबर पर कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर कोतवाल केके यादव, सीओ आरके वर्मा मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में एसपी अनीस अहमद अंसारी व एएसपी भी पहुंच गए और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। एसपी ने कोतवाल बिंदकी, कल्यानपुर, बकेवर और जहानाबाद थानाध्यक्षों को हत्या का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इंसेट
हत्यारों ने छीन लीं परिवार की खुशियां
राघवेंद्र सिंह यादव की पुलिस में भर्ती हो गई थी, उसे सात जुलाई को उसकी ज्वाइनिंग थी। हत्याराें ने इसके पहले ही मौत के घाट उतार कर उसके परिजनों की खुशियां छीन ली। मृतक राघवेंद्र के पिता राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बेटे की किसी से कोई कहासुनी व दुश्मनी नहीं थी। इसके बावजूद उसके पुत्र की हत्या किन कारणों से किसने की यह बात नहीं समझ आ रही है।
इंसेट
मोबाइल से हो सकता है खुलासा
सदान बदान क ा पुरवा निवासी मृतक राघवेंद्र की रविवार की शाम किसी से मोबाइल पर गाली गलौज होने की बात भी सामने आई है। वह कौन व्यक्ति था, इसका पता पुलिस मोबाइल को सर्विलांस में लगाकर कर सकती है। मृतक के मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसपी का कहना है कि मोबाइल को सर्विलांस में लगाकर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।