प्रेमनगर(फतेहपुर)। सुल्तानपुर घोष थाने के बंगलापर(इजूरा खुर्द) गांव में एक किसान की सोते समय कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। नातिन के जग जाने पर बदमाश ने उसे धमकाया और वारदात के बाद भाग निकला। इस घटना में दो नकाबपोश शामिल थे।
गांव निवासी किसान धरम सिंह यादव(55) घर के पूर्व दिशा में छप्पर के नीचे सो रहे थे। बगल के चारपाई में नातिन मैना देवी सो रही थी। रविवार रात लगभग साढ़े बारह बजे एक नकाबपोश युवक कुल्हाड़ी से धरम सिंह पर वार करने लगा। धरम सिंह इन दिनों बीमार थे। मैना देवी ने बताया कि चीख सुन उसकी नींद खुल गई। उसके जगते ही एक युवक ने कुल्हाड़ी दिखाकर धमकाया। एक बदमाश पास के कटहल के पेड़ पर चढ़ा था। उसके हाथ में तमंचा जैसा दिखा। वह डर गई। इधर, युवक ने नाना को उसी के सामने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला। वह डर के मारे सहमी बैठी रही। दोनों बदमाश जब मार कर चले गए तब उसने शोर मचाया। चारपाई व बिस्तर खून से लथपथ था। छप्पर में भी खून के छीटे थे। रात में ही पुलिस को सूचना दे दी गई।
बता दें कि धरम सिंह की पत्नी विद्यावती करीब 30 साल पहले कहीं चली गई थी। इकलौता बेटा सुधीर अहमदाबाद में परिवार सहित रहता है। गांव में धरम सिंह अपनी विधवा भाभी तुलसी देवी के साथ रहते थे। दोनों के नाम करीब साढ़े तीन बीघा खुद की जमीन है। घटना के दिन तुलसी देवी धान की रोपाई का पौध लेने अपनी बेटी लालती के गांव गई थी। घटना के बाद लौट कर आई तुलसी ने बताया कि सुधीर ने कई साल पहले अपने पिता धरम सिंह व हम लोगों से झगड़ा किया था। मौके पर एसपी रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक पूजा यादव, सीओ अंशुमान मिश्र, एसओजी, क्राइम ब्रांच ने पहुंचकर पूछताछ की। कार्यवाहक थानाध्यक्ष रामपाल ने बताया कि नातिन ने वारदात में दो लोगों के शामिल होने की बात कही है। उनकी तलाश कराई जा रही है।